हिंदुस्तान टाइम्स की ख़बर के मुताबिक सरकार एक ऐसी रणनीति बनाने की कोशिश कर रही जिससे मतदान से 48 घंटे पहले सोशल मीडिया पर भी चुनाव प्रचार को रोका जा सके.
इस मसले की जानकारी रखने वाले सरकारी अधिकारियों ने अख़बार को ये जानकारी दी और बताया कि संसदीय समिति ने इसका सुझाव दिया था.
यह नियम पहले ही टीवी और प्रिंट मीडिया पर लागू किया जाता है. संभावना है कि आने वाले लोकसभा चुनावों में सोशल मीडिया पर भी यह नियम लागू किया जाए.
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय इसके क्रियान्वन के लिए कई तरीकों पर विचार कर रहा है.
एरो इंडिया शो में शामिल होंगे तीन रफ़ाल
जनसत्ता अख़बार में ख़बर है कि बंगलुरू में 20 से 24 फरवरी तक चलने वाले वायु सेना के एरो इंडिया शो में रफ़ाल विमान शामिल किए जाएंगे. इसके लिए तीन रफ़ाल विमानों को भारत लाया गया है.
यह प्रदर्शनी बेंगलुरू में वायुसेना के येलाहंका हवाई अड्डे पर की जा रही है.
इसमें भारतीय वायुसेना, हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड के अलावा फ्रांस और अमरिका के युद्धक एवं वाणिज्यिक विमान भी शामिल होंगे.
भारत में रफ़ाल विमान सौदा लंबे समय से विवादों में बना हुआ है. विपक्ष सरकार पर सौदे में अनियमितताओं का आरोप लगाती रही है जबकि सरकार ने इससे इनकार किया है.
अमर उजाला में ख़बर दी गई है कि एक उबर कैब चालक पर ग्रेटर नोएडा पश्चिम स्थित सोसायटी में रहने वाली एक इंजीनियर युवती से रेप का आरोप लगा है.
यह घटना पांच फरवरी की है. शिकायत के आधार पर इस मामले में नौ फरवरी को रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस ने नूंह ज़िले के रहने वाले आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है.
युवती ने बताया कि जब उन्होंने पांच फरवरी को रात 10:15 बजे कैब बुक की तो बुकिंग आईडी वाले ड्राइवर की बजाय उसका दोस्त आया.
ग़लत रास्ते पर ले जाने को लेकर जब युवती ने उसे टोका तो वह गाड़ी सुनसान जगह पर ले गया और युवती के साथ रेप किया. साथ ही उनसे हज़ार रुपये भी छीन लिए.
नवभारत टाइम्स की खबर है कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की संभावना लगभग ख़त्म हो गई है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को खुद इस संबंध में बात की. उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर कांग्रेस ने लगभग ना कर दी है.
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी को हराने के लिए बीजेपी विरोधी वोटों का बंटवारा रोकना जरूरी है.
दिल्ली में बुधवार को हुई विपक्ष की रैली में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा भी शामिल हुए थे. इसके बाद से दोनों दलों में गठबंधन होने के कयास लगाए जा रहे थे. हालांकि, कांग्रेस पहले भी आम आदमी पार्टी के साथ आने से इनकार करती रही है.
No comments:
Post a Comment